रायपुर। सरगुजा जिले के शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं के अपनी समस्याओं को लेकर पैदल कलेक्ट्रेट जाने की घटना को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। छात्राओं के इस कदम की जानकारी मिलते ही सीएम ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय में लंबे समय से बिजली समेत अन्य मूलभूत समस्याएं बने रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपनी बुनियादी जरूरतों के समाधान के लिए स्कूल से पैदल कलेक्ट्रेट जाने की नौबत आना गंभीर मामला है। यदि समस्याएं लंबे समय से थीं तो अधिकारियों ने समय रहते उनका निराकरण क्यों नहीं किया।
जांच के साथ तय होगी जिम्मेदारी
सीएम साय ने कलेक्टर को पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आदिवासी क्षेत्रों के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Read more:- छ.ग. में समान नागरिक संहिता के संबंध में दुर्ग में परिचयात्मक बैठक संपन्न
बिजली, शिक्षक और मेस की समस्याएं दूर करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने छात्राओं द्वारा उठाई गई बिजली, शिक्षकों की कमी, नियमित पढ़ाई, मेस और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा। साथ ही विद्यालय और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और अधिकारियों के सतत निरीक्षण के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले बच्चों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना और समय पर उनका समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला प्रशासन को छात्राओं से लगातार संवाद बनाए रखने और व्यवस्थाओं में किए जा रहे सुधारों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
