रायपुर। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रधानमंत्री आवास के बाहर किया गया प्रदर्शन लोकतांत्रिक गरिमा के अनुरूप नहीं है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के राजनीतिक प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जाती। उन्होंने इसे राजनीतिक स्टंट बताते हुए निंदनीय करार दिया।
NEET पेपर लीक मामले पर सीएम साय ने कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक को ‘पाप’ बताते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है। सीएम साय ने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा दोबारा पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई और परिणाम भी जारी हो चुका है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी युवाओं के मुद्दे की आड़ लेकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास जैसे प्रतिबंधित क्षेत्र में विपक्ष का प्रदर्शन लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ है, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
