बजरंग दल कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच मारपीट , दुर्ग में गरबा आयोजन के दौरान हंगामा

Follow Us

दुर्ग । नवरात्रि के अवसर पर दुर्ग जिले में जगह-जगह गरबा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी बीच दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित हॉकी मैदान में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया। पूर्व महापौर एवं दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से आयोजित दो दिवसीय गरबा नाइट कार्यक्रम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्मी गानों और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी को लेकर विरोध जताया। इस दौरान आयोजकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी और मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है।

० मंच पर पहुंचकर जताया विरोध
जानकारी के अनुसार, गरबा कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर पहुंचे और माइक के माध्यम से विरोध जताया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि मां दुर्गा की उपासना का पर्व है, इसलिए गरबा आयोजन में फिल्मी गाने नहीं बजाए जाने चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर भी आपत्ति जताई और उनकी भागीदारी को लेकर सवाल उठाए।

० आयोजक और बजरंग दल संयोजक के बीच विवाद
विरोध के दौरान आयोजकों और रामलोचन तिवारी के बीच विवाद बढ़ गया। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी और मारपीट होती दिखाई देने की बात सामने आई है। घटना के बाद गरबा आयोजन को लेकर विवाद चर्चा में आ गया है।

० वीडियो के आधार पर पुलिस कर रही जांच
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल घटना के संबंध में पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आयोजकों की ओर से इस विवाद पर प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। नवरात्रि के दौरान आयोजित धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुए इस विवाद ने आयोजन की व्यवस्था और प्रतिभागियों की भागीदारी को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों और मारपीट की परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आएगी।