नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कथित पुलिस बर्बरता के विरोध में 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने का आह्वान किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए देश के प्रत्येक जिले में विरोध प्रदर्शन करने और छात्रों व सामाजिक संगठनों से इसमें भाग लेने की अपील की है। CJP ने अपने अभियान के लिए “Every District. One Day. One Demand” का नारा दिया है। पार्टी का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य कथित पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त करना और उनकी मांगों को सार्वजनिक मंच पर उठाना है।
पार्टी ने छात्र संगठनों, युवा समूहों और अन्य सामाजिक संगठनों से स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रहकर किया जाए। जारी पोस्टर में आयोजकों से कार्यक्रम से पहले संबंधित स्थानीय प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेने और प्रदर्शन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को पढ़कर सुनाने और कथित पुलिस बर्बरता के पीड़ितों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने की भी अपील की गई है।
CJP ने बताया कि प्रदर्शन के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) भी जारी किया जाएगा। इसके अलावा आयोजन से संबंधित आवश्यक सामग्री और प्रशासन को सौंपे जाने वाले ज्ञापन का प्रारूप भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सभी जिलों में एक समान तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। सोशल मीडिया पर पार्टी के इस आह्वान के बाद 24 जुलाई को देश के विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कार्यक्रम का स्वरूप, भागीदारी और आयोजन स्थानीय प्रशासन की अनुमति तथा स्थानीय आयोजकों की तैयारियों पर निर्भर करेगा।
