मुक्तेश्वर धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश की खुशहाली के लिए की पूजा-अर्चना

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र के ग्राम चरौदा स्थित ऐतिहासिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली के साथ छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन मंदिरों, धार्मिक आस्थाओं और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिपूर्ण है। मुक्तेश्वर धाम जैसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थल प्रदेश की गौरवशाली विरासत और लोक आस्था के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक स्थलों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होती है और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है।

मुक्तेश्वर धाम छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। ग्रामीणों की आस्था और सामूहिक श्रमदान से मंदिर का पुनर्निर्माण किया गया है। यहां पौष पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय मेले का आयोजन भी होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

पूजा-अर्चना के दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।