छत्तीसगढ़ में गर्मी का रेड अलर्ट! रायपुर में 45 डिग्री का कहर, कहीं लू तो कहीं बारिश के आसार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि सोमवार को रायपुर में पारा 45 डिग्री तक जाने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने ग्रीष्म लहर यानी लू चलने की आशंका जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में भीषण गर्मी का असर साफ दिख रहा है। बिलासपुर 44.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा, जबकि दुर्ग, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले।

लांकि दक्षिणी छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में राहत के संकेत मिले हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के चलते हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन दिनों तक गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना कम है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री गिरावट आ सकती है। फिलहाल लोगों को लू और तेज धूप से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। एक ओर प्रदेश के कई हिस्से गर्मी की मार झेल रहे हैं, तो दूसरी ओर कुछ इलाकों में बारिश की उम्मीद मौसम को दिलचस्प बना रही है।