छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से 13% कम हुई बारिश: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे ज्यादा, मोहला-मानपुर में सबसे कम वर्षा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार बनी हुई है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आज जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 356.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यह इस अवधि की सामान्य औसत वर्षा 408.7 मिलीमीटर का 87.1 प्रतिशत है। वहीं, बीते 24 घंटों में प्रदेश में औसतन 21.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला 69.4 मिलीमीटर वर्षा के साथ सबसे आगे रहा।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे अधिक बारिश
मानसून सत्र की कुल वर्षा के आंकड़ों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। यहां अब तक 576.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो जिले की सामान्य औसत वर्षा का 181.4 प्रतिशत है।

इसके बाद जांजगीर-चांपा में 512.0 मिमी (120.4%), बलौदाबाजार में 453.4 मिमी (119.7%), बिलासपुर में 440.5 मिमी (114.1%), महासमुंद में 427.3 मिमी (112.4%), मुंगेली में 417.7 मिमी (110.4%) और रायपुर में 395.7 मिमी (112.6%) वर्षा दर्ज की गई है।

उत्तरी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है। यहां अब तक 391.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य औसत का 160 प्रतिशत है।

इसके अलावा गरियाबंद में 435.7 मिमी, सक्ती में 419.8 मिमी, कोरबा में 409.7 मिमी, दुर्ग में 357.7 मिमी, कोरिया में 356.0 मिमी, रायगढ़ में 353.3 मिमी, बालोद में 347.7 मिमी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 337.0 मिमी तथा सूरजपुर में 313.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

दक्षिण बस्तर में अब भी बारिश की कमी
दूसरी ओर, प्रदेश के कई जिले अब भी सामान्य से कम वर्षा का सामना कर रहे हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला अब तक केवल 203.3 मिलीमीटर वर्षा के साथ सबसे नीचे है, जो उसकी सामान्य औसत का महज 40.4 प्रतिशत है।

इसी तरह सुकमा में 304.5 मिमी (45.8%), बीजापुर में 359.7 मिमी (49.3%), कांकेर में 261.2 मिमी (50.8%), कोंडागांव में 263.8 मिमी (56.5%) और बस्तर में 298.0 मिमी (60.7%) वर्षा दर्ज की गई है।

उत्तरी संभाग के सरगुजा जिले में भी अब तक केवल 185.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य औसत का 65.9 प्रतिशत है।

अन्य जिलों की स्थिति
राज्य के अन्य जिलों में धमतरी में 349.2 मिमी (81.8%), दंतेवाड़ा में 438.9 मिमी (86.2%), नारायणपुर में 384.8 मिमी (79.4%), जशपुर में 301.4 मिमी (78.3%), कबीरधाम में 240.6 मिमी (80.1%), राजनांदगांव में 303.3 मिमी (81.2%), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 274.2 मिमी (89.9%) तथा बेमेतरा में 253.1 मिलीमीटर (80.7%) वर्षा दर्ज की गई है।

 

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश मैदानी और मध्य क्षेत्र के जिलों में मानसून सामान्य से बेहतर बना हुआ है, जबकि बस्तर संभाग और कुछ उत्तरी जिलों में अब भी औसत से कम वर्षा दर्ज की जा रही है। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है