25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रदेशभर में लगेंगी चौपालें, दीपक बैज ने बस्तर हादसे में मुआवजे और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा

Follow Us

वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस ने बनाई रणनीति

कांकेर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांकेर जिला कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलने वाले एक माह के अभियान की रूपरेखा और चौपालों के आयोजन के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने विभिन्न मुद्दों पर मीडिया से खुलकर बातचीत करते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

बस्तर दशहरा की घटना पर जताई चिंता
दीपक बैज ने बस्तर दशहरा के दौरान पारंपरिक जूगी मुरिया दरबार में रथ निर्माण से जुड़े कारीगरों और आदिवासी युवाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा प्रशासनिक लापरवाही का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रथ के पहिये से दबकर एक आदिवासी युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक का पैर टूट गया। इसके बावजूद शासन-प्रशासन के जिम्मेदार प्रतिनिधियों द्वारा पीड़ित परिवारों की सुध नहीं लेने पर उन्होंने चिंता जताई और मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की मांग की।

मृतक के परिवार को 50 लाख मुआवजा देने की मांग
कांग्रेस ने हादसे में जान गंवाने वाले आदिवासी युवक के परिवार को 50 लाख रुपये तथा घायल युवक को कम से कम 25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। पार्टी ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई।

विधायक इन्द्र साव ने ग्राम परसवानी ‘क’ में ₹10 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन

महंगाई और बस किराया वृद्धि पर सरकार को घेरा
प्रदेश में बढ़ती महंगाई का मुद्दा उठाते हुए बैज ने कहा कि चावल, दाल, खाद्य तेल और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता और मध्यम वर्ग परेशान हैं। उन्होंने बस किराए में 75 प्रतिशत से अधिक वृद्धि होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

चौपालों के जरिए जनता तक पहुंचेगी कांग्रेस
कांग्रेस के प्रस्तावित अभियान के तहत प्रदेशभर में चौपालों के माध्यम से विभिन्न मुद्दों को जनता के बीच उठाने की तैयारी की जा रही है। कांकेर में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा पर चर्चा कर आगामी कार्यक्रमों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया। कांग्रेस का कहना है कि अभियान के जरिए जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और सरकार की नीतियों पर सवाल किए जाएंगे।