रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है। पिछले दिनों तापमान में आई गिरावट के बाद अब पारा दोबारा चढ़ने के संकेत हैं। हालांकि, तपती धूप के साथ-साथ दोपहर के बाद राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बौछारें पड़ने की भी संभावना है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के कारण हवा में नमी बढ़ गई है, जिससे लोग अब चिपचिपी और उमस वाली गर्मी से बेहाल हैं। आंकड़ों की बात करें तो मंगलवार को राजनांदगांव 41°C तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि रायपुर का पारा 40°C तक पहुंच गया जिससे धूप का तीखापन बढ़ गया है। वहीं, पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 23.6°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही दो अलग-अलग द्रोणिकाएं (Trough) भी सक्रिय हैं, जिनमें से एक छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इन सिस्टम के असर से बुधवार को प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज अंधड़ चलने की आशंका है। राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग का अनुमान है कि आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम को तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, इससे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और आज रायपुर का अधिकतम तापमान 41°C तथा न्यूनतम तापमान 27°C के आसपास रहने का अनुमान है।
