CG Weather Alert: रायपुर समेत कई जिलों में लू का खतरा, 44°C तक पहुंचा पारा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राहत की कोई खास उम्मीद नहीं है और कई जिलों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) जैसी स्थिति बनी रह सकती है। शुक्रवार को प्रदेश के तापमान में खास बदलाव नहीं देखा गया, लेकिन गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। बीते 24 घंटों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में अगले 48 घंटों तक लू चलने की संभावना जताई है। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ में दोपहर के समय हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, विभिन्न वायुमंडलीय प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं। राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर साफ दिखेगा। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे दिन के साथ रातें भी गर्म महसूस होंगी। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पानी अधिक पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।