कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में स्थित सीएएफ (CAF) कैंप से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान जोगेंद्र नेताम के रूप में हुई है, जो फरसगांव इलाके के उरंदाबेड़ा थाना अंतर्गत सीएएफ कैंप में तैनात था। घटना की भनक लगते ही कैंप में हड़कंप मच गया और उरंदाबेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खून से लथपथ जवान को बेहद नाजुक हालत में फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा तत्काल मर्च्युरी पहुंचे और वहां मौजूद मृत जवान के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। शुरुआती जांच और पूछताछ के बाद पुलिस का अनुमान है कि जवान ने व्यक्तिगत कारणों के चलते अत्यधिक मानसिक तनाव में आकर यह आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि, हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए एसपी ने उरंदाबेड़ा थाना प्रभारी को मामले की हर एंगल से बारीकी और कड़ाई से जांच करने के निर्देश दिए हैं ताकि मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके।
