बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में चोरों ने एक कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती रत्न समेत करीब 5 करोड़ रुपये के सामान की चोरी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चोरी की वास्तविक राशि और सामान का आकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर मुख्य मार्ग निवासी कारोबारी रजनीश सेठ अपनी पत्नी के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश किया और एक-एक कमरे की तलाशी लेकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने मकान में प्रवेश के लिए एसी यूनिट हटाकर अंदर जाने का रास्ता बनाया। इसके बाद उन्होंने पूरे घर को खंगाला और जेवरात, नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर रजनीश सेठ के एक परिचित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी गए सामान और नुकसान की वास्तविक जानकारी मकान मालिक दंपत्ति के वापस आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

