सर्राफा कारोबारी हत्याकांड: अमित जोगी संग कलेक्टर दफ्तर पहुंचा पीड़ित परिवार, सीबीआई जांच और कातिलों के एनकाउंटर की मांग

Follow Us

गौरेला पेंड्रा मरवाही। छत्तीसगढ़ के कोटमी बाजार में सर्राफा व्यवसायी प्रदीप सोनी की सरेराह गोली मारकर हत्या और लूट के मामले में छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इस सनसनीखेज वारदात के खिलाफ जनता और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। मामले में न्याय की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (JCCJ) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में पीड़ित परिवार ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की और पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग का ज्ञापन सौंपा।

कलेक्टर कार्यालय में मृतक प्रदीप सोनी की शोकाकुल बेटी का गुस्सा और दर्द साफ छलक पड़ा। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि, उनके पिता के बेरहम कातिलों को समाज में रहने का कोई हक नहीं है, उनका तत्काल एनकाउंटर किया जाना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से अमित जोगी और पीड़ित परिवार ने साप्ताहिक बाजारों में सराफा कारोबारियों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने और आत्मरक्षा के लिए व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर ‘शस्त्र लाइसेंस’ स्वीकृत करने की मांग की है।

अमित जोगी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि, यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। गौरतलब है कि 26 मई को पेण्ड्रा निवासी 50 वर्षीय ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी पर कोटमी के साप्ताहिक बाजार में तीन नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं और जेवर लूटकर फरार हो गए थे, जिसके बाद इलाज के दौरान प्रदीप सोनी की मौत हो गई थी।