सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर नगर में दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नेशनल हाईवे-43 से लगे व्यस्त बाजार क्षेत्र में काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी की स्कूटी से गहनों से भरा बैग अज्ञात बदमाश लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सर्राफा व्यवसायी अरुण सोनी रोज की तरह सुबह करीब 11:30 बजे हाईस्कूल के पास स्थित अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी स्कूटी में आभूषणों से भरा बैग टांग रखा था। जैसे ही वह दुकान का शटर खोलने में व्यस्त हुए, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाश पलक झपकते ही बैग लेकर फरार हो गए।
वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। जांच के दौरान एक नकाबपोश युवती भी कैमरे में दिखाई दी है, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। मामले की जांच जारी है।
