मुंबई। पिछले एक महीने से फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा है। यह अब भी करोड़ों में कमाई कर रही है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘डकैत’ बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छी कमाई नहीं कर सकी। इस बीच 17 अप्रैल को अक्षय कुमार की अदाकारी वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ रिलीज हुई है। पहले दिन के बाद वीकएंड पर फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी हुई है। आपको बता दें की प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘भूत बंगला’ की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही, हालांकि इसने वीकएंड पर अच्छी कमाई की है। शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 19 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। पहले दिन इसने 12.25 करोड़ रुपये कमाए थे। पेड प्रिव्यू में फिल्म ने 3.75 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह से फिल्म का टोटल कलेक्शन 35 करोड़ रुपये हो गया है। इस फिल्म के आगे ‘धुरंधर 2’ की कमाई कम हो गई है।
वहीं 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई रणवीर सिंह की अदाकारी वाली फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर 4.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। भले ही इस फिल्म की कमाई में गिरावट आई हो लेकिन यह फिल्म सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। रिलीज के इतने दिनों के बाद इतना कलेक्शन करना बड़ी बात है। पैन इंडिया फिल्म ‘डकैत’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म शुरू से ही धीमी रफ्तार से कमाई कर रही है। शनिवार को इस फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। शुक्रवार को इसने सिर्फ 90 लाख रुपये की कमाई की थी। इस फिल्म का टोटल कलेक्शन 30.50 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर ने अदाकारी की है। हॉलीवुड फिल्म ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ को वीकएंड पर एक बार फिर फायदा मिला है। शनिवार को इसने 1.78 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। शुक्रवार को फिल्म की कमाई 83 लाख रुपये थी। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का नेट कलेक्शन 62.66 करोड़ रुपये हो गया है। भारत में यह फिल्म 26 मार्च को रिलीज हुई थी।
