मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर अब ‘धुरंधर 2’ की रफ्तार घटने लगी है। वहीं नई रिलीज हुई फिल्म ‘भूत बंगला’ की कमाई में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली। ‘डकैत’ और ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ की भी धीमी रफ्तार से कमाई जारी है। आइए जानते हैं रविवार को इन फिल्मों ने कितना कलेक्शन किया है? आपको बता दें की अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की अदाकारी वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ को तीसरे दिन वीकएंड का जबरदस्त फायदा मिला है। रविवार को फिल्म ने 23 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। शनिवार को इसने 19 करोड़ रुपये कमाए थे। पहले दिन फिल्म का कलेक्शन 12.25 करोड़ रुपये था। पेड प्रिव्यू में फिल्म ने 3.75 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह से फिल्म ने अब तक कुल 58 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। तीन दिनों में ही यह फिल्म 50 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है।
वहीं रणवीर सिंह की अदाकारी वाली फिल्म ‘धुरंधर 2’ की वीकएंड पर फिर कमाई बढ़ी है। पांचवें रविवार को इसने 5.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। शनिवार को फिल्म का कलेक्शन 4.65 करोड़ रुपये था। 32 दिनों में इसने 1115.67 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इतने ही दिनों में इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1756.64 करोड़ रुपये हो गया है। अगर इस फिल्म की कमाई ऐसे ही जारी रही तो यह जल्द ही ‘बाहुबली 2’ (1788 करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर की अदाकारी वाली फिल्म ‘डकैत’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म की कमाई की रफ्तार शुरू से ही धीमी रही है। दूसरे रविवार को इस फिल्म ने 1.32 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। 10 दिनों में इस फिल्म ने कुल 31.92 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसमें फिल्ममेकर अनुराग कश्यप भी नजर आए हैं। हॉलीवुड फिल्म ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ का वीकएंड पर कलेक्शन बढ़ा है। चौथे रविवार को इसने 1.66 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। शनिवार को इस फिल्म ने 1.78 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने 25 दिनों में कुल 64.32 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यह फिल्म 26 मार्च को रिलीज हुई थी।
