दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम अकोला के पास खारून नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 15 वर्षीय किशोर का शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान राज गुप्ता, निवासी सीतानगर, रायपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद से ही रेस्क्यू टीम मोटर बोट और सुरक्षा उपकरणों की मदद से किशोर की तलाश में जुटी थी।
जिला सेनानी के निर्देशन में पहुंची एसडीआरएफ टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाया। प्रशिक्षित गोताखोर चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव के बीच डिप डाइविंग कर खोजबीन की, जिसके बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया। शव को कुम्हारी थाना पुलिस और परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद नदी में नहाते समय सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।
