खड़गे के बयान पर BJP का तीखा तंज: विधायक चंद्राकर बोले- “संन्यास लेकर माला जपें”

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस अध्यक्ष मलिकाअर्जुन खड़गे के हालिया बयान के बाद सियासत गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, खड़गे का बयान गैर-जिम्मेदाराना है और उन्हें अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि, “अब उन्हें संन्यास लेकर माला जपना चाहिए।” चंद्राकर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि, पार्टी का रुख हमेशा संदिग्ध रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए पुराने विवादों को भी उठाया और कांग्रेस की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

इसी बीच, छत्तीसगढ़ में क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए, जिस पर चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा कि, बिना आधार के ऐसे आरोप राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। विधानसभा के संभावित विशेष सत्र को लेकर भी बयानबाज़ी जारी है। नेता प्रतिपक्षचरणदास महंत द्वारा उठाए गए सवालों पर चंद्राकर ने कहा कि, प्रक्रिया स्पष्ट होने के बाद ही सब कुछ सामने आएगा और कांग्रेस को संवैधानिक प्रक्रियाओं की समझ होनी चाहिए। वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं को मिली जिम्मेदारियों पर उन्होंने कहा कि, पार्टी राष्ट्रीय मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रदेश की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है।