राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली बाइक रैली का कबीरधाम में स्वागत, विजय शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

Follow Us

कवर्धा। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम में भव्य स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया तथा रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स थीम पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के साथ युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके आदर्श आज भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

राजेश शर्मा रायपुर रेल डिवीजन में रेल सलाहकार समिति के सदस्य बने

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले जवानों का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने बस्तर में शांति और विकास के लिए सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन एवं विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसरों के विस्तार से प्रभावित क्षेत्रों को प्रगति की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।

28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंचेगा संदेश
राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति के उद्देश्य से निकली यह बाइक रैली देश के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में जनजागरूकता का संदेश पहुंचाने वाले अभियान का हिस्सा है। इसे उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व के चार जोन में विभाजित किया गया है। अभियान का समापन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर में होगा।

मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से रवाना हुई रैली महासमुंद और रायपुर होते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा एवं बेमेतरा के रास्ते कबीरधाम पहुंची। यहां से रैली मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए आगे बढ़ेगी।

मुरिया दरबार का नाम बदलने के विरोध में मनोज साक्षी की चेतावनी, नाम बहाल नहीं हुआ तो आंदोलन

पुलिस राइडर्स का सम्मान, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने ओडिशा पुलिस के बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह और छत्तीसगढ़ पुलिस दल के लीडर रविन्द्र गिरी सहित अन्य राइडर्स को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कबीरधाम पुलिस की टीम भी पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और एसडीओपी प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में रैली के साथ शामिल हुई। पुलिस जवानों ने जिले की सीमा धवईपानी तक रैली के साथ यात्रा कर जनजागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, युवा प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा शिक्षा और खेलकूद जैसी सकारात्मक गतिविधियों में लगाने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।