BSNL में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका: जनरल मैनेजर के पदों पर निकली भर्ती, रु.2.25 लाख तक मिलेगी सैलरी

Follow Us

नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) एक शानदार अवसर लेकर आया है। बीएसएनएल ने देश भर में फाइनेंस और अकाउंट्स स्ट्रीम के अंतर्गत कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर जनरल मैनेजर (GM) के कुल 15 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 जून की सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है, और इच्छुक उम्मीदवार 24 जून की सुबह 10 बजे तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। यदि फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसे सुधारने के लिए करेक्शन विंडो 25 जून से 28 जून तक खुली रहेगी।

इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से सीए (CA), सीएमए (CMA), एमबीए (फाइनेंस) या फाइनेंस में पीजी डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र में 3 से 15 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की गई है। योग्य उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को रु.2,25,000 प्रति माह तक सैलरी मिलेगी। सभी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क रु.1,000 तय किया गया है।