भिलाई। छत्तीसगढ़ की धरती से निकलकर बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाले लेखक-निर्देशक आकाशादित्य लामा एक बार फिर चर्चा में हैं। भिलाई में पढ़ाई करने वाले आकाशादित्य अब फिल्म इंडस्ट्री में अपने निर्देशन और लेखन के दम पर अलग मुकाम बना चुके हैं। उनकी नई फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
फिल्म को लेकर दर्शकों में खास उत्साह देखा जा रहा है। इसमें खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पियूष मिश्रा जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी, कलाकारों की मजबूत टीम और संगीत के कारण रिलीज से पहले ही यह सुर्खियों में बनी हुई है। आकाशादित्य लामा का छत्तीसगढ़ से गहरा जुड़ाव आज भी कायम है। इससे पहले उनकी फिल्म ‘बंगाल 1947’ की पूरी शूटिंग छत्तीसगढ़ में की गई थी, जिससे प्रदेश की खूबसूरत लोकेशन को भी पहचान मिली।
फिल्मी सफर की शुरुआत आकाशादित्य ने लेखन से की थी। उन्होंने प्रियदर्शन और अनिल शर्मा जैसे चर्चित निर्देशकों के साथ काम किया है। इसके अलावा वह कई लोकप्रिय टीवी शोज के लेखन से भी जुड़े रहे हैं। धीरे-धीरे उन्होंने निर्देशन के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई। आकाशादित्य की सफलता छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा है। मुंबई जैसे बड़े फिल्म केंद्र में अपनी जगह बनाने के बाद भी उन्होंने अपनी जड़ों को नहीं छोड़ा। ‘दुल्हनिया ले आएगी’ की रिलीज उनके करियर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का अवसर है।
