रिहायशी इलाके तक पहुंचा भालू, शिव मंदिर के सीसीटीवी में कैद हुई गतिविधि, ग्रामीणों में दहशत

Follow Us

बालोद । जिले के भालूकोन्हा गांव में भालू की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार देर रात गांव के तालाब पार स्थित शिव मंदिर परिसर में भालू दिखाई दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी गतिविधियां कैद हो गईं। रविवार को भालू को जंगल की ओर जाते हुए भी देखा गया। रिहायशी इलाके के करीब भालू की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, भालू पिछले करीब एक महीने से भालूकोन्हा गांव और आसपास के क्षेत्र में घूम रहा है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को देकर भालू को पकडऩे की मांग की थी। इसके बावजूद गांव के शिव मंदिर परिसर में उसकी मौजूदगी सामने आने से लोगों की चिंता फिर बढ़ गई है।

० घरों में रखी खाद्य सामग्री खा रहे भालू
ग्रामीणों के मुताबिक, भोजन की तलाश में भालू आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। इस दौरान घरों में रखे तेल और अन्य खाद्य पदार्थों को खाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। भालुओं की लगातार आवाजाही के कारण लोगों को सतर्क रहना पड़ रहा है। सुरक्षा की चिंता में कई बार ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

० सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद बढ़ी चिंता
भालूकोन्हा गांव के शिव मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भालू की हलचल रिकॉर्ड हुई है। करीब एक मिनट के इस फुटेज में मंदिर परिसर में उसकी मौजूदगी दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भालू की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

० वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, गांवों में मुनादी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग अलर्ट हो गया है। डौंडीलोहारा रेंज के अधिकारी प्रवेश सोनी के अनुसार, भालूकोन्हा, जाटादाह, पिंगाल सहित आसपास के गांवों में वन विभाग की टीम तैनात कर गश्त बढ़ाई गई है। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है। साथ ही लोगों से जंगल की ओर जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की गई है। फिलहाल ग्रामीण भालू की लगातार आवाजाही से परेशान हैं और उसकी सुरक्षित पकड़ सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। वन विभाग की निगरानी के बीच क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।