समुद्र में मौत से जंग: गुयाना में 116 लोगों से भरी यात्री नौका पलटी, 67 को बचाया गया, कई अब भी लापता

Follow Us

जॉर्जटाउन। दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना में एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है, जहां 116 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एमवी बारिमा यात्री नौका समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और बचाव एजेंसियों ने तुरंत राहत अभियान शुरू कर दिया। अब तक 15 बच्चों समेत 67 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, नौका राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा की ओर जा रही थी। रास्ते में पोमेरून नदी के पास आयरन पंट इलाके में देर रात अचानक नौका का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। घटना की सूचना स्थानीय समयानुसार रात 11:01 बजे मिली, जिसके तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

लोक निर्माण मंत्री जुआन एडघिल ने बताया कि, नौका में यात्रियों की सुरक्षा के लिए 250 लाइफ जैकेट, दो रिजिड लाइफ राफ्ट और छह इन्फ्लेटेबल लाइफ राफ्ट मौजूद थे। हादसे के बाद तटीय क्षेत्रों में मेडिकल टीमें तैनात कर दी गई हैं और बचाए गए लोगों का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल किसी के मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने कहा कि, जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन हादसे के कारणों की भी जांच कर रहा है।