जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। शहर के बीचों-बीच स्थित गोयल धर्मशाला में चल रहे इस अवैध खेल का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 6 शातिर तस्करों को रंगे हाथों दबोचा है। मुखबिर की सटीक सूचना पर बोधघाट पुलिस ने जब धर्मशाला में दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
आरोपियों के पास से कुल 54 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 26 लाख 97 हजार रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के रहने वाले बबलू कुशवाहा, श्रीनिवास, देशराज कुशवाहा, उत्तर प्रदेश का पंकज उपरेती और स्थानीय स्तर पर तस्करी की कमान संभालने वाले सुकमा निवासी राम सिंह व दुबराज कश्यप शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि, सुकमा के आरोपी इस गिरोह में मध्यस्थ (मिडिलमैन) के रूप में काम कर रहे थे। वे ओडिशा के मलकानगिरी से गांजे की खेप लाकर जगदलपुर में डंप करते थे, जहां से राजस्थान और उत्तर प्रदेश के तस्कर इसे बाहरी राज्यों में सप्लाई करने की फिराक में थे।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई ने साबित कर दिया है कि, बस्तर पुलिस बाहरी राज्यों से जुड़े नार्कोटिक्स नेटवर्क पर पैनी नजर रखे हुए है और आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों पर भी गाज गिर सकती है। इस कार्रवाई के बाद से शहर के धर्मशालाओं और लॉज में ठहरे संदिग्धों की जांच भी तेज कर दी गई है।
