जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए बरामद पदार्थ को शिलाजीत बताता रहा, लेकिन जांच में उसका झूठ सामने आ गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जगदलपुर के गोयलबाड़ी तिराहा क्षेत्र में अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पास मौजूद पदार्थ को शिलाजीत बताकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने एफएसएल किट से पदार्थ की जांच कराई, जिसमें वह अफीम पाया गया। इसके बाद आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश चौधरी के रूप में हुई है, जो मूलतः राजस्थान के जोधपुर का निवासी है। वह जगदलपुर में किराये के मकान में रहकर अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 66 हजार 500 रुपये मूल्य की 133.3 ग्राम अफीम बरामद कर जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बस्तर पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
