बलौदाबाजार पुलिस का अलर्ट: किराएदारों का सत्यापन जरूरी, संदिग्ध गतिविधियों की दें तुरंत सूचना

Follow Us

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने मकान मालिकों, होटल और लॉज संचालकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों और पेइंग गेस्ट का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं। पुलिस ने कहा है कि, बिना पहचान और दस्तावेजों की जांच किए किसी भी अनजान व्यक्ति को मकान या दुकान किराए पर न दें। किराएदारों और पेइंग गेस्ट की जानकारी ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से दर्ज कराने की अपील की गई है। सत्यापन नहीं कराने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

पुलिस ने आम लोगों से कहा है कि, यदि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, बिना वैध पहचान के रहने वाला व्यक्ति या किसी अवैध गतिविधि में शामिल व्यक्ति नजर आता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा गांव, वार्ड और शहरों में आने वाले फेरीवालों, कबाड़ी और अन्य बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि, नागरिकों की सतर्कता से चोरी, ठगी, साइबर अपराध और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। एसपी गौरव राय ने कहा कि, सुरक्षित समाज के लिए पुलिस और जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।