बालको चिमनी हादसा केस: गवाह से छेड़छाड़ की साजिश नाकाम, होटल में छापेमारी से खुला बड़ा राज

Follow Us

कोरबा। जिले में 2009 के बहुचर्चित बालको चिमनी हादसे से जुड़े मामले में गवाह को प्रभावित करने की कथित साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य गवाह पृथ्वीनाथ सिंह और आरोपी सगामसेट्टी व्यंकटेश को होटल ग्रैंड गोविंदा से हिरासत में लिया है। यह मामला वर्तमान में बिलासपुर उच्च न्यायालय के निर्देश पर समयबद्ध सुनवाई के तहत चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, 2009 में बालको प्लांट में निर्माणाधीन चिमनी गिरने से करीब 40 मजदूरों की मौत हो गई थी। इस मामले में जीडीसीएल और सेपको कंपनियों के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे थे। लंबे समय से आरोप थे कि, गवाहों को प्रभावित कर केस को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि, एक महत्वपूर्ण गवाह को कोरबा के होटल में ठहराकर प्रभावित किया जा रहा है।

इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर कमरा नंबर 202 से गवाह, उसके पुत्र और आरोपी को पकड़ा। जांच में सामने आया कि, होटल का कमरा कथित रूप से कंपनी से जुड़े लोगों द्वारा बुक कराया गया था। मोबाइल जांच में यह भी संकेत मिले कि, गवाह और आरोपी के बीच पहले से संपर्क था और केस से जुड़े दस्तावेजों की तस्वीरें भी साझा की गई थीं। पुलिस ने सभी डिजिटल सबूत जब्त कर न्यायालय को सौंप दिए हैं। फिलहाल अदालत में मामले की सुनवाई जारी है और पुलिस अन्य संभावित गवाहों की भूमिका की भी जांच कर रही है।