नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने अगले महीने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 13 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। लंबे समय बाद कप्तान पैट कमिंस की वापसी हुई है, जो दिसंबर के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेंगे। उनके साथ तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड भी टीम में लौटे हैं, जिससे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण पहले से अधिक मजबूत नजर आ रहा है।
इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के दौरान चोटिल हुए अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन भी पूरी तरह फिट होकर टीम में शामिल हो गए हैं। वहीं बल्लेबाजी की जिम्मेदारी स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस और कैमरून ग्रीन जैसे खिलाड़ियों पर रहेगी। ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर और तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड को भी स्क्वाड में जगह मिली है।
चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा कि, चोट से उबरकर लौटे खिलाड़ियों ने शानदार मेहनत की है और टीम पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए आने वाले महीनों में अन्य खिलाड़ियों को भी अवसर मिल सकता है। दो मैचों की यह टेस्ट सीरीज 13 अगस्त से डार्विन में शुरू होगी, जबकि दूसरा मुकाबला 22 अगस्त से मैके में खेला जाएगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंकतालिका में शीर्ष पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में जीत के साथ अपनी बढ़त मजबूत करना चाहेगा।
