धमतरी। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने कथित रूप से मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की तत्परता से समय रहते उसे रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान रोहित सोनी के रूप में हुई है, जो धमतरी शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साईं बाबा मंदिर के पास का निवासी है। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जनदर्शन में पहुंचा था। रोहित ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति की मांग की है। आवेदन में रोहित सोनी ने आरोप लगाया है कि उसका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से बढ़ेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थित मकान में निवास कर रहा है। उसका कहना है कि हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। रोहित के अनुसार, जब वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था, तब कुछ लोग निर्माण स्थल पर पहुंच गए और काम बंद करा दिया। उसने आरोप लगाया कि उसे मकान छोड़ने के लिए दबाव बनाया गया तथा ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इसी मामले को लेकर जनदर्शन में पहुंचे रोहित ने अचानक अपने ऊपर मिट्टी तेल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास करने लगा। हालांकि, वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे सुरक्षित रोक लिया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं तथा युवक की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
