राज्यपाल रमेन डेका से असम के सत्रिया नृत्य कलाकारों ने की मुलाकात, सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाने पर हुई चर्चा

Follow Us

रायपुर।  राज्यपाल रमेन डेका से आज लोकभवन में असम के वैष्णव एवं सत्रिया (शास्त्रीय नृत्य) कलाकारों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान कलाकारों ने स्पीक मैके संस्था के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में प्रस्तुत की जा रही असम की शास्त्रीय एवं वैष्णव सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।

भेंट के दौरान छत्तीसगढ़ और असम के बीच कला, संस्कृति और दर्शन के क्षेत्र में आपसी सहयोग एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। कलाकारों ने पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय में असम के महान संत, समाज सुधारक और एकशरण वैष्णव परंपरा के प्रवर्तक श्रीमंत शंकरदेव के नाम पर स्थापित शोधपीठ के माध्यम से संयुक्त रूप से सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने की पहल पर भी विचार साझा किए।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ और असम की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के आदान-प्रदान से नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल डेका ने सभी कलाकारों को राजकीय गमछा एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्पीक मैके की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के डॉ. अजय श्रीवास्तव, वी.के. गोविंद मुदलियार, असम के कलाकार डॉ. जदाब बोरा, उपेन बोरगायन, कृष्णकांत दास और उषारानी बैश्य उपस्थित रहे।