एशियन गेम्स 2026: भारत-पाक मुकाबले का इंतजार बढ़ा, जानिए कब हो सकती है क्रिकेट की सबसे बड़ी टक्कर

Follow Us

आइची-नागोया। एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर देखने को मिलेगा। जापान में होने वाले इस टूर्नामेंट का शेड्यूल और ड्रा जारी हो चुका है, जिसके बाद फैंस की नजरें सबसे ज्यादा भारत और पाकिस्तान के संभावित मुकाबले पर टिक गई हैं। टूर्नामेंट के नियमों और सीडिंग व्यवस्था के अनुसार भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग हिस्सों में रखा गया है। दोनों टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल से अपना अभियान शुरू करेंगी। ऐसे में लीग स्टेज या शुरुआती नॉकआउट दौर में दोनों चिर प्रतिद्वंद्वियों की भिड़ंत नहीं होगी।

अगर भारत और पाकिस्तान अपनी-अपनी क्वार्टर फाइनल चुनौतियों को पार कर लेते हैं, तभी क्रिकेट प्रेमियों को यह हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है। दोनों टीमें सेमीफाइनल या फिर फाइनल में आमने-सामने आ सकती हैं। महिला क्रिकेट में भी भारत और पाकिस्तान की टीमें अलग-अलग हिस्सों में हैं। भारतीय महिला टीम का पहला मुकाबला मेजबान जापान से होगा। टूर्नामेंट में सभी मुकाबले टी-20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक और पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होगी। क्रिकेट के इस बड़े मंच पर भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें अपने स्वर्ण पदक बचाने के इरादे से उतरेंगी।