जेल से छूटते ही दिखी दबंगई: कारों के काफिले संग स्टंटबाजी करने वाले 9 आरोपी फिर पहुंचे सलाखों के पीछे

Follow Us

बलौदाबाजार। जमानत पर रिहा होने के कुछ ही घंटों बाद 9 आरोपियों ने कारों और बाइकों का काफिला निकालकर शहर में जमकर हुड़दंग मचाया। आरोपियों ने सड़क पर स्टंटबाजी की, कारों की खिड़कियों से बाहर लटककर रील बनाई और सोशल मीडिया पर दबंगई का प्रदर्शन किया। वायरल वीडियो में आरोपी सार्वजनिक शांति भंग करते और लोगों में दहशत फैलाते नजर आए। जानकारी के अनुसार, 5 जून की रात जेल से रिहा हुए आरोपियों ने भाटापारा शहर के कल्याण सागर वार्ड क्षेत्र में रैली निकाली। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने की भी शिकायत सामने आई। रैली के बाद समर्थकों ने आरोपियों का माला पहनाकर स्वागत किया और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दोबारा न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। एसपी ओपी शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जमानत का अर्थ कानून हाथ में लेने की छूट नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने, खौफ फैलाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।