दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर की पैर फिसलने से मौत हो गई। इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत संदीप कुमार सिन्हा (58) रोज की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी।
इसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची। ट्रेन कुछ देर रुकने के बाद रवाना होने लगी, तभी संदीप कुमार ने लोकल ट्रेन छोड़कर चलती एक्सप्रेस पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनके हाथ में रखा लैपटॉप बैग खिसक गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। ट्रेन के गेट पर लगी रॉड से पकड़ छूटने के बाद वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर गए और ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया और ज्यादा खून बहने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), GRP और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
