मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और दुखद घटना सामने आई है। हाथी के हमले में एक ग्रामीण की जान चली गई, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के जनकपुर परिक्षेत्र के जंगल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रेमलाल अपनी पत्नी के साथ जंगल में महुआ बीनने गया था। इसी दौरान अचानक जंगली हाथी से उनका सामना हो गया। स्थिति बिगड़ते देख पत्नी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही, लेकिन प्रेमलाल हाथी के हमले का शिकार हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा। विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि प्रदान की गई है। हालांकि, घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि, क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बावजूद समय पर कोई चेतावनी जारी नहीं की जाती, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में इस तरह की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिसने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, समय-समय पर अलर्ट जारी करने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
