कोरबा। कटघोरा नगर में विजयादशमी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। दशहरा उत्सव समिति की ओर से मेला मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोग पहुंचे। रावण दहन से पहले हुई आतिशबाजी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव का आकर्षण बढ़ाया। इस बार रावण के दसों सिरों से आग के गोले निकलने का नजारा लोगों के बीच खास आकर्षण रहा।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सत्य की असत्य और धर्म की अधर्म पर विजय के संदेश को जीवन में अपनाने की अपील की। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राज जायसवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। आयोजन को सफल बनाने में दशहरा उत्सव समिति के सदस्यों ने योगदान दिया, वहीं पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। उत्सव के दौरान भिलाई के आर्केस्ट्रा और छत्तीसगढ़ लोककला मंच की प्रस्तुतियां भी हुईं। समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष ने सहयोगियों और नागरिकों का आभार जताया तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
