अम्बिकापुर: बिहान योजना से सशक्त हुईं मीरा बाई, कृषि और मत्स्य पालन से बनीं आत्मनिर्भर

Follow Us

o स्व सहायता समूह से एक लाख का लोन लेकर कर रही खेती-किसानी
o समूह से जुड़कर बढ़ी आय, लखपति दीदी के रूप में अन्य महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

अम्बिकापुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास जिले में सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि खेती-किसानी और स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ कर रही हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी सरगुजा जिले के ग्राम बरकेलाला, पोस्ट सखौली निवासी मीरा बाई की है, जिन्होंने बिहान योजना से जुड़कर अपने जीवन में बदलाव लाया है।

मीरा बाई बताती हैं कि वे तारा स्वयं सहायता समूह की सदस्य हैं। उनके समूह में कुल 10 महिलाएं शामिल हैं और सभी महिलाएं मिलकर नियमित रूप से बचत एवं बैंकिंग गतिविधियों में भाग लेती हैं। आवश्यकता पड़ने पर समूह के माध्यम से ऋण भी प्राप्त किया जाता है। हाल ही में समूह ने एक लाख रुपये का ऋण लिया, जिसका उपयोग कृषि और आजीविका गतिविधियों के विस्तार में किया गया।

उन्होंने बताया कि ऋण की सहायता से समूह की महिलाओं ने धान, मक्का और अरहर की खेती की, साथ ही मत्स्य पालन का कार्य भी प्रारंभ किया। खेती और अन्य गतिविधियों से प्राप्त आय से समूह ने समय पर ऋण की राशि का भुगतान भी किया। आवश्यकता के अनुसार महिलाएं पुनः ऋण लेकर अपनी आजीविका गतिविधियों का विस्तार करती हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है।

मीरा बाई ने बताया कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद समूह की सभी 10 महिलाएं कृषि कार्य में सक्रिय हैं। सिंचाई के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध हो चुकी हैं, जिससे खेती अधिक व्यवस्थित और लाभकारी बन गई है। वर्तमान में उनके परिवार के पास लगभग छह से सात एकड़ कृषि भूमि है, जहां आधुनिक तरीके से खेती की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आज वे लखपति दीदी अभियान से भी जुड़ी हैं और स्वयं एक लखपति दीदी के रूप में कार्य कर रही हैं। इससे उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ आत्मविश्वास भी मिला है। अब वे अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने, स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

मीरा बाई ने कहा कि बिहान योजना ने महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया है। आज महिलाएं खेती-बाड़ी, व्यवसाय और अन्य आयवर्धक गतिविधियों के माध्यम से परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव शासन की योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों की सामूहिक शक्ति का परिणाम है।

मीरा बाई ने सीएम विष्णु देव साय तथा पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संचालित योजनाओं के कारण ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। आज महिलाएं सम्मानपूर्वक आजीविका अर्जित कर रही हैं, अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। बिहान योजना ने उन्हें आत्मविश्वास, आर्थिक मजबूती और बेहतर भविष्य की नई राह प्रदान की है।