रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जर्मनी की राजधानी बर्लिन में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, भारत के सभी पड़ोसी देश सामान्य और शांतिपूर्ण संबंध रखते हैं, लेकिन सिर्फ एक देश लगातार क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने का काम करता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि, भारत ने हमेशा शांति और लोकतंत्र की नीति अपनाई है, लेकिन अगर किसी ने देश की सुरक्षा को चुनौती दी, तो उसका करारा जवाब दिया गया है। उन्होंने हाल ही में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, भारत की सैन्य क्षमता अब पहले से कहीं अधिक मजबूत है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, भारत अब तेजी से वैश्विक शक्ति बन रहा है। देश दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और वैश्विक AI क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि ,भारत ने 38 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट कर अपने व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई दी है। बर्लिन यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह ने जर्मनी के रक्षा मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भी बैठक की। यह दौरा भारत-जर्मनी के बीच रक्षा सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय की भूमिका की भी सराहना की और कहा कि, उनकी सफलता भारत की वैश्विक छवि को और मजबूत करती है।
