विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त; सभी यात्री सुरक्षित , इंडिगो की उड़ान पर 17,000 फीट की ऊंचाई पर बिजली गिरी

Follow Us

पटना । बिहार की राजधानी पटना से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जा रही इंडिगो की उड़ान बुधवार को आसमानी बिजली की चपेट में आ गई। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा। घटना के समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। स्थिति को देखते हुए विमान की लखनऊ हवाई अड्डे पर निर्धारित समय से करीब 15 मिनट पहले आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई925 ने बुधवार दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर पटना हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। विमान को शाम 4 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ पहुंचना था। लखनऊ में उतरने की तैयारी के दौरान विमान आसमानी बिजली की चपेट में आ गया। इसके बाद पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को करीब 4 बजकर 05 मिनट पर लखनऊ हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया।आसमानी बिजली गिरने की घटना से विमान में सवार यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई। हालांकि, पायलट और चालक दल ने स्थिति को नियंत्रित किया और विमान को सुरक्षित लखनऊ में उतार लिया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है। विमान के क्षतिग्रस्त हिस्से की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

लखनऊ पहुंचने के बाद इसी विमान को उड़ान संख्या 6ई6968 के तहत अहमदाबाद जाना था। लेकिन आसमानी बिजली गिरने से विमान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद उसका आगे का संचालन रोक दिया गया।एयरलाइन ने विमान में सवार सभी 104 यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। यात्रियों को शाम करीब 6 बजकर 22 मिनट पर दूसरी उड़ान से अहमदाबाद रवाना किया गया।क्षतिग्रस्त विमान की तकनीकी जांच के लिए इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम बिजली गिरने से विमान को हुए नुकसान का आकलन कर रही है। जांच के बाद विमान को आवश्यक मरम्मत के लिए भेजा जाएगा।

इससे पहले 19 जून को पश्चिम बंगाल के कोलकाता हवाई अड्डे पर भी इंडिगो के एक विमान पर आसमानी बिजली गिरने की घटना हुई थी। विमान अगरतला जा रहा था और आंधी-तूफान के दौरान उस पर बिजली गिर गई थी। इसके कारण विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी।उस समय विमान में 141 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। सभी को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया था। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला पहुंचाया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच विमानन कंपनियां खराब मौसम के दौरान उड़ान संचालन में अतिरिक्त सतर्कता बरतती हैं।