नई दिल्ली। भारत की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया अब एक नए और प्रीमियम अवतार में नजर आने जा रही है। टाटा ग्रुप के स्वामित्व में आने के बाद कंपनी तेजी से अपने बेड़े और सेवाओं को अपग्रेड कर रही है, ताकि यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिल सके। एयर इंडिया अपने आठ बोइंग 787-8 विमानों को पूरी तरह नए इंटीरियर और आधुनिक सुविधाओं के साथ रीडिजाइन कर रही है। इन विमानों में नई आरामदायक सीटें, बेहतर केबिन डिजाइन और प्रीमियम माहौल शामिल होगा। यात्रियों की पुरानी शिकायतों- जैसे सीटों की खराब स्थिति और भोजन की गुणवत्ता- को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किए जा रहे हैं। इस अपग्रेड पर कंपनी लगभग 400 मिलियन डॉलर (करीब 3,600 करोड़ रुपये) का निवेश कर रही है।

इसके साथ ही एयर इंडिया अपने पुराने बोइंग 777 विमानों को भी आधुनिक बना रही है। बिजनेस क्लास को खास तौर पर प्राइवेट सुइट्स, स्लाइडिंग डोर, एडजस्टेबल सीट कंट्रोल और अतिरिक्त लगेज स्पेस जैसी सुविधाओं के साथ और अधिक लग्जरी बनाया जा रहा है। यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए एयर इंडिया दुनिया के प्रमुख हवाई अड्डों पर नए प्रीमियम लाउंज भी शुरू कर रही है। इनमें सैन फ्रांसिस्को और न्यूयॉर्क जैसे बड़े शहर शामिल हैं, जबकि दिल्ली में पहले ही एक नया लाउंज शुरू हो चुका है। इन लाउंज में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, प्रीमियम फूड और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कंपनी का लक्ष्य प्रीमियम यात्रियों को आकर्षित करना और बेहतर राजस्व के जरिए इकोनॉमी किराए को किफायती बनाए रखना है।
