बिलासपुर में होटल पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में कीटनाशक और खाद जब्त

Follow Us

बिलासपुर। कृषि विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने सिरगिट्टी स्थित होटल गोल्डन स्टे में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित कृषि आदानों का बड़ा जखीरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कीटनाशक और जैव उत्प्रेरक खाद बरामद होने पर उनके विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया गया।

यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं कृषि संचालक, रायपुर के निर्देश पर पुष्ट सूचना के आधार पर की गई। जांच में होटल के प्रथम तल पर करीब 4,610 लीटर पौध संरक्षण (कीटनाशक) दवाइयां और 9,611 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक खाद मिली। इस तरह कुल लगभग 14 हजार लीटर/किलोग्राम कृषि आदान जब्त किए गए।

प्रारंभिक जांच में कृषि आदानों के अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने संदिग्ध सामग्री के नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पूरे दिन चली इस कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री के विक्रय पर रोक लगाते हुए उसे गोदाम संचालक मनीष सिंह की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया। कृषि विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।