मुंबई। ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘शुभ मंगल सावधान’ जैसी फिल्मों से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर जल्द ही राजनीति के मैदान में उतर सकती हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पॉलिटिक्स में एंट्री को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसके साफ संकेत दिए। भूमि ने खुलकर कहा कि देश सेवा हमेशा से उनके खून में रही है और जिस भी रूप में उन्हें मौका मिलेगा, वे देश की सेवा जरूर करेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि, वे अभी अपनी मोटिवेशनल फिल्मों के जरिए समाज सेवा की कोशिश कर रही हैं, लेकिन अगर भविष्य में उन्हें राजनीति के जरिए देश के लिए और गहराई से काम करने का मौका मिला, तो वे इसके लिए पीछे नहीं हटेंगी। भूमि के मुताबिक, वे कैमरे के सामने हों या निजी जिंदगी में, उनका एकमात्र मकसद समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। वहीं वर्कफ्रंट की बात करें तो भूमि को आखिरी बार क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘दलदल’ में देखा गया था और रिपोर्ट्स की मानें तो वे जल्द ही अपनी अगली फिल्म में एक वकील के दमदार किरदार में नजर आने वाली हैं।
