गुण्डरदेही पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ की कार्रवाई, न्यायालय ने लगाया 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड
गुण्डरदेही। बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना पुलिस ने शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले दो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह दोनों मामलों में कुल 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालकों के प्रकरण न्यायालय में पेश किए गए, जहां दोनों पर जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गुण्डरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि शंकर पाण्डेय के नेतृत्व में थाना गुण्डरदेही पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
गुण्डरदेही पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की।
सिवान में पटाखा कारोबारी के घर में ब्लास्ट, 7 की मौत की सूचना, 2 घंटे तक होते रहे धमाके
इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की समझाइश दी गई। पुलिस ने कहा कि वाहन चालकों की छोटी-सी सावधानी भी किसी की जिंदगी बचा सकती है।

