महिला से डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने वाला परिचित गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। महिला संबंधी अपराधों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 मई को एक 29 वर्षीय महिला ने थाना धरमजयगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ग्राम तरेकेला निवासी उसके परिचित बनेश्वर राठिया ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह कुछ दिन पहले अपने मायके गई हुई थी। 25 मई को वह घर से कुछ दूरी पर स्थित बोरबाड़ी क्षेत्र गई थी, जहां आरोपी उसके पीछे पहुंच गया और कथित रूप से उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाया। घटना के बाद भय और मानसिक तनाव के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। बाद में ससुराल लौटकर उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पीड़िता का बयान दर्ज कराने और मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 31 मई को आरोपी बनेश्वर राठिया (25 वर्ष), निवासी ग्राम तरेकेला, थाना छाल को उसके घर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।