जगदलपुर। बस्तर दशहरे की भीतर रैनी रस्म के दौरान रथ खींचते समय बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल को उपचार के लिए महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, रात में रथ खींचने की रस्म के दौरान अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक ग्रामीण ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का पैर कट जाने की जानकारी सामने आई है। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बस्तर दशहरे के इस पारंपरिक आयोजन के दौरान हुए हादसे से वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
