बालोद। जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां काम के दौरान एक मिस्त्री की जान चली गई। यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के चिखलाकसा इलाके की है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विनोद कुंजाम नामक मिस्त्री एक निर्माणाधीन दो मंजिला बिल्डिंग में सेंट्रिंग का काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। दुर्भाग्यवश, नीचे गिरते ही वह पास ही मौजूद बिजली पोल के तार की चपेट में आ गया।बिजली करंट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना अचानक था कि, मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसकी जान जा चुकी थी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि, निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
