स्कूल जाने निकले शिक्षक की दिनदहाड़े हत्या! रास्ते में रोका, गला रेतकर उतारा मौत के घाट

Follow Us

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार को दिनदहाड़े हुई एक हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। त्रिकूंडा थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने स्कूल जा रहे शिक्षक देवशरण जगते पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देवशरण जगते सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकले थे। रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और धारदार हथियार से गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि, घटना से एक दिन पहले इसी विवाद को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका था। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि, सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।