बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के यदुनंदन नगर तिफरा में रविवार रात हुई चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान केवल गिरी गोस्वामी के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या में दर्ज कर जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात यदुनंदन नगर के बाजार क्षेत्र में आरोपी गोलू उर्फ सर्किट ने कथित तौर पर केवल गिरी गोस्वामी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के समय बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश को घटना का कारण माना जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
