बंगाल में बदलाव की हुंकार: दार्जिलिंग रैली से शाह का दीदी पर सीधा वार, कहा- ‘जनता ने तय कर ली है विदाई’

Follow Us

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल तेज हो चुका है और दार्जिलिंग में आयोजित जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की राजनीतिक स्थिति पर तीखा बयान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव की मांग अब तेज हो रही है और जनता परिवर्तन की दिशा में सोच रही है। अमित शाह ने गोरखा समुदाय से जुड़े मुद्दों पर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो गोरखा बहनों और भाइयों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। वहीं अमित शाह ने अपने संबोधन में दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद छह महीनों के भीतर गोरखा समुदाय से जुड़ी पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे लोगों के जीवन में संतोष और स्थिरता आ सके। आपको बता दें की उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) दोनों पर गोरखा समुदाय और दार्जिलिंग क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप रहा है। शाह के अनुसार, इन समस्याओं का समाधान भाजपा अपनी सरकार बनने के बाद तय समयसीमा में करने का प्रयास करेगी।

वहीं सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तर बंगाल के लोगों से अपील की कि एक बार फिर भाजपा को अवसर दिया जाए, ताकि विकास और समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। दार्जिलिंग में पिछले चुनावों में भाजपा को मिले समर्थन का उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्य में राजनीतिक बदलाव की संभावना पर भी बात की। शाह की पहली जनसभा सुबह 10:30 बजे दार्जिलिंग क्षेत्र के कुर्सियोंग स्थित सुकना हाई स्कूल मैदान में होगी। इसके बाद वे दोपहर 12:45 बजे पश्चिम बर्धमान के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में बाल्टोरिया के गणेश पूजा मैदान में लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद कार्यक्रम का रुख मेदिनीपुर की ओर होगा। तीसरी सभा दोपहर 2:15 बजे पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी में बिल्ला स्टेडियम मैदान में आयोजित की जाएगी। दिन की आखिरी रैली पूर्व मेदिनीपुर के चांदीपुर में शाम 3:45 बजे बिनॉय स्मृति फुटबॉल मैदान में होगी। भाजपा इन जनसभाओं के जरिए राज्य में चुनावी माहौल को और धार देने में जुटी है और बड़े नेताओं के जरिए जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है।
विज्ञापन