देवभूमि में आस्था का महासैलाब: चारधाम यात्रा में टूटा रिकॉर्ड, 27 लाख से ज्यादा भक्तों ने टेका मत्था

Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड की पावन देवभूमि में इन दिनों आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि चारों धामों में श्रद्धालुओं का हुजूम दिन-ब-दिन नया इतिहास रच रहा है। देश और दुनिया के कोने-कोने से बाबा के भक्त बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री पहुंच रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 27 लाख 67 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दिव्य दर्शन कर पुण्य लाभ कमा चुके हैं। इस बार की यात्रा में सबसे बड़ा आकर्षण बाबा केदारनाथ का धाम बना हुआ है, जहां सबसे ज्यादा 10 लाख 18 हजार श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई है। इसके बाद भगवान बद्रीनाथ के दरबार में 7 लाख 80 हजार भक्त पहुंचे हैं, जबकि गंगोत्री में 4 लाख 71 हजार और यमुनोत्री धाम में 4 लाख 58 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीश नवाया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस शानदार सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि उनकी सरकार चारधाम यात्रा को अधिक भव्य, दिव्य, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार के इन्हीं ठोस इंतजामों और चौबीसों घंटे मुस्तैद प्रशासनिक व्यवस्था का नतीजा है कि यात्रा हर दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। दुर्गम रास्तों और बदलते मौसम के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। चारों ओर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बद्री विशाल’ के जयकारों से पूरी घाटी गुंजायमान है। प्रशासन ने आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं को और चाक-चौबंद कर दिया है।