भूमिहीन परिवारों को बड़ी सौगात, करीब 5 लाख हितग्राहियों के खाते में पहुंचेगी सहायता राशि

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत इस वर्ष लगभग 5 लाख भूमिहीन परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। योजना के अंतर्गत 4,95,965 हितग्राहियों के खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी, जिसके लिए राज्य सरकार ने करीब 496 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। लाभार्थियों में 22,028 बैगा और गुनिया परिवार भी शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है। गौरतलब है कि पूर्व में इस योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि 7,000 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रतिवर्ष कर दिया गया है। राज्य सरकार का दावा है कि यह योजना ग्रामीण परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।